जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 20 बच्चों को मुफ्त इलाज के लिए भेजा गया कोच्चि, सरकार उठाएगी पूरा खर्च






रांची : आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए झारखंड सरकार की पहल के तहत सोमवार को 20 बच्चों को मुफ्त इलाज और ऑपरेशन के लिए कोच्चि रवाना किया गया। बच्चों की जांच के बाद अमृता अस्पताल में उनके हृदय का ऑपरेशन कराया जाएगा। बताया गया कि ऐसे ऑपरेशन पर सामान्य तौर पर करीब 4 से 5 लाख रुपये तक खर्च आता है, जिसे वहन करना इन परिवारों के लिए मुश्किल था। अब जांच, ऑपरेशन, दवा, अस्पताल में रहने, भोजन और जरूरी यात्रा का खर्च सरकार की ओर से उठाया जाएगा।


स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी गरीब बच्चे का इलाज नहीं रुकना चाहिए। राज्य के किसी भी जिले में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित ऐसा बच्चा हो, जिसके परिवार की आर्थिक स्थिति इलाज कराने में सक्षम नहीं है, तो परिवार स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दे सकता है। पात्र बच्चों के इलाज की व्यवस्था सरकार की ओर से कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित करीब 100 बच्चों के मुफ्त इलाज का लक्ष्य रखा है। इससे पहले विभाग की मदद से 75 बच्चों के हृदय का नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जा चुका है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की टीम बच्चों की पहचान से लेकर जांच, इलाज और ऑपरेशन तक सहयोग कर रही है। ऑपरेशन के बाद भी बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी और फॉलोअप किया जाएगा तथा घर वापसी तक विभागीय टीम संपर्क में रहेगी। सोमवार को बच्चों को रांची रेलवे स्टेशन से कोच्चि के लिए रवाना किया गया। इस दौरान रेलवे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर NHM के एमडी शशि प्रकाश झा समेत विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।


