MGM मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के 17 छात्र दोषी, हॉस्टल से निष्कासित और ₹25,000 जुर्माना

जमशेदपुर : MGM मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग और अनुशासनहीनता के आरोपों की जांच के बाद प्रशासन और एंटी-रैगिंग कमेटी ने 17 छात्रों को दोषी पाया है। इनमें 2024 बैच के 14 और 2025 बैच के 3 छात्र शामिल हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से हॉस्टल खाली करने का आदेश दिया गया है और प्रत्येक पर ₹25,000 का जुर्माना लगाया गया है, जिसे 3 दिनों के भीतर कॉलेज के सरकारी खाते में जमा करना होगा। हॉस्टल के CCTV फुटेज की जांच में सामने आया कि रात 12 से 2 बजे के बीच सीनियर छात्र जूनियर हॉस्टल में जबरन घुसे, दरवाजों को जोर से खटखटाया और अंदर घुसने की कोशिश की। नियमों के तहत सीनियर्स के जूनियर विंग में जाने पर रोक थी और वहां होमगार्ड भी तैनात थे। मामले की जांच रिपोर्ट नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) को भेज दी गयी है।


NMC के पास शिकायत और वहां से ऑडियो सबूत व निर्देश मिलने के बाद कॉलेज और जिला प्रशासन ने जांच शुरू की। शनिवार और रविवार को जूनियर व सीनियर बैच के छात्रों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गयी और उनके परिजनों को भी बुलाया गया। NMC के नियमों के तहत FIR दर्ज करायी जा सकती थी, लेकिन कमेटी ने छात्रों के करियर पर क्रिमिनल केस के असर को देखते हुए उन्हें सुधार का मौका देते हुए अकादमिक सजा देने का फैसला किया। प्रशासन ने इसे पहली और आखिरी राहत बताते हुए चेतावनी दी कि दोबारा कैंपस के अंदर या बाहर डिलीवरी वालों से मारपीट, सड़क पर हुड़दंग या जूनियर्स को डराने-धमकाने जैसी हरकत सामने आने पर सीधे क्रिमिनल केस दर्ज किया जायेगा।
कार्रवाई के तहत 2024 बैच के 14 छात्रों को अगले 15 दिनों तक क्लास में बैठने की अनुमति नहीं होगी और वे 8 अक्तूबर से शुरू होने वाली तीसरी सामयिक परीक्षा में भी शामिल नहीं हो सकेंगे। 2025 बैच के 3 छात्रों ने हाल ही में यूनिवर्सिटी की परीक्षा दी थी, इसलिए कोल्हान यूनिवर्सिटी को उनका रिजल्ट रोकने का निर्देश भेजा गया है। सभी 17 दोषी छात्र अगले दो साल तक किसी भी कॉम्पिटिशन में MGM कॉलेज का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेंगे। जूनियर छात्रों की सुरक्षा के लिए हॉस्टल के पास 24 घंटे होमगार्ड तैनात रहेंगे, जबकि रात में एंटी-रैगिंग फ्लाइंग स्क्वॉड और स्थानीय थाना पुलिस सरप्राइज पेट्रोलिंग करेगी। कैमरा नहीं होने वाले स्थान पर शिकायत पेटी भी लगायी गयी है।


