एसआईआर में फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर, 75 मतदान केंद्रों पर एक भी आवेदन नहीं

रांची : झारखंड में एसआईआर के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी पात्र भारतीय नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि जो अभी तक ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे ई-सीनेट या बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करें। एक अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष की अर्हता पूरी करने वाले पात्र नागरिकों से भी 15 सितंबर तक आवेदन करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान एसआईआर में फॉर्म-6 नहीं देने पर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं हो सकेगा।


मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी अपने बीएलए-2 के माध्यम से पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने और फॉर्म-6 भरने में सहायता करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर से तैयार मतदाता सूची को परमानेंट डाक्यूमेंट के रूप में संधारित किया जाता है। वर्तमान एसआईआर में 2003 के एसआईआर के डाक्यूमेंट से मैपिंग के आधार पर मतदाताओं और उनके बेटा-बेटी को अन्य दस्तावेजों में छूट मिल रही है और भविष्य में वर्तमान सूची का भी इसी तरह लाभ मिल सकेगा।
13 सितम्बर 2026 तक प्राप्त फॉर्म-6 की समीक्षा में सामने आया कि राज्य के कुल 31,892 मतदान केंद्रों में से 75 पर एक भी आवेदन नहीं मिला। 5,591 मतदान केंद्रों पर 1 से 5, 8,618 पर 6 से 10, 11,329 पर 11 से 20, 4,076 पर 21 से 30 और 2,203 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक आवेदन मिले हैं। शून्य आवेदन वाले मतदान केंद्रों में रांची के सर्वाधिक 62 केंद्र हैं, जबकि विधानसभा क्षेत्रवार कांके में सर्वाधिक 52 केंद्रों पर एक भी फॉर्म-6 नहीं मिला। 1 से 5 आवेदन वाले मतदान केंद्रों में रांची के 904, हजारीबाग के 628, गिरिडीह के 515, देवघर के 455 और चतरा के 369 केंद्र शामिल हैं।


