टीईटी की अनिवार्यता से छूट की मांग, 22 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन अनशन करेंगे शिक्षक

जमशेदपुर : प्रारंभिक विद्यालयों के शिक्षक शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) की अनिवार्यता से छूट देने की मांग को लेकर 22 अक्टूबर से रांची में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे। अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।


शिक्षकों ने तमिलनाडु की तर्ज पर झारखंड विधानसभा से भी इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजने की मांग की है। संघ ने तय किया है कि उसका प्रतिनिधिमंडल राज्य सरकार के सभी मंत्रियों से मिलकर इस मांग को उनके सामने रखेगा।
संघ के अनुसार, निश्शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा के अधिकार अधिनियम, 2009 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर टेट की अनिवार्यता संबंधी सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से राज्य के 25 हजार शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। संघ का कहना है कि इससे इन शिक्षकों के सामने नौकरी का संकट उत्पन्न हो गया है।


