रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में युवक की मौत, तीन घायल

जमशेदपुर/आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में शेखर नामक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शेखर आदित्यपुर में शंभू सिंह के पूजा पंडाल में काम कर रहा था। इसी दौरान वेज रोल के ऑर्डर में देरी को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी की घटना हो गई। इस हमले में शेखर समेत चार लोग घायल हो गए।


घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल शेखर को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वहीं, घटना के बाद पुलिस विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और चाकूबाजी के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।


