बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल, 3 युवक लापता होने से मचा हड़कंप

धनबाद :पाथरडीह थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल कथित मारपीट के वीडियो ने सनसनी फैला दी है। वीडियो में कुछ युवकों को बेल्ट और डंडे से बेरहमी से पीटते हुए दिखाया जा रहा है। इसी बीच तीन युवकों के लापता होने की सूचना से मामला और गंभीर हो गया है। परिजनों को आशंका है कि वायरल वीडियो की घटना का संबंध उनके बेटों से हो सकता है। पुलिस फिलहाल वीडियो की सत्यता और पूरे मामले की जांच कर रही है।


लापता युवकों की पहचान मिहिर मल्लिक, जयदेव मल्लिक और विक्की मल्लिक के रूप में हुई है। तीनों रामकनाली ओपी क्षेत्र के खेपचाटांड़ बस्ती, कतरासगढ़ के रहने वाले हैं। परिजनों के अनुसार, तीनों चासनाला में एक रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे और उनका मोबाइल भी बंद है। काफी तलाश के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया।
परिजन पाथरडीह थाना पहुंचकर युवकों की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद्र महतो के नेतृत्व में पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे कुछ युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है और वीडियो के स्थान, समय व उसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि वीडियो की अभी पुष्टि नहीं हुई है और बिना जांच के कोई अफवाह फैलाने से बचने की अपील की गई है।


