वेतन कटौती और अनियमित भुगतान पर वाहन चालकों का प्रदर्शन, वार्ता के बाद काम पर लौटे

पूर्वी टुंडी : गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क के फोरलेनिंग कार्य में लगी त्रिवेणी इंजिकोन्स कंपनी के शंकरडीह स्थित मुख्य गेट के बाहर बुधवार को वाहन चालकों ने वेतन कटौती और अनियमित भुगतान के विरोध में प्रदर्शन किया। चालकों का आरोप था कि उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है और अलग-अलग कारण बताकर वेतन में कटौती की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कर्मियों और वाहन चालकों को काम से हटाने के लिए तरह-तरह के आरोप लगाए जाते हैं।

हंगामे की सूचना पर पूर्वी टुंडी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति शांत कराई। इसके बाद कंपनी प्रबंधन और वाहन चालकों के बीच वार्ता हुई। समस्याओं और मांगों पर चर्चा के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और चालकों ने विरोध समाप्त कर काम पर लौटने का फैसला किया। कंपनी की ओर से चालकों के आरोपों पर विस्तृत पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है।
इधर, स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण की धीमी गति पर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर काम अधूरा पड़ा है और मिट्टी की खुदाई के बाद हिस्सों को खुला छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। बारिश के बाद कीचड़ बढ़ने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और अधूरे हिस्सों को सुरक्षित तरीके से पूरा करने की मांग की है।


