वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत, बारिश के दौरान हुआ हादसा

सरायकेला : जिले के कुकड़ू प्रखंड के पांडरा गांव में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे तेज बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 46 वर्षीय सोना मनी महतो और 27 वर्षीय मुक्ता महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं बारिश के समय घर और खेत के आसपास थीं, तभी तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम पांडरा गांव पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। दोनों महिलाओं के शव पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजे गए हैं।
जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने घटना पर दुख जताते हुए दोनों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को नियम के अनुसार सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


