बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा, चंदा जुटाकर श्रमदान से शुरू की मरम्मत


पांकी (पलामू) : पांकी प्रखंड की माड़न पंचायत के पचपेड़ी गांव में लंबे समय से बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी खुद संभाल ली है। ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाकर ट्रैक्टर से मोरम मंगाया और श्रमदान कर सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू किया। ग्रामीणों के अनुसार, बरसात में सड़क पर कीचड़ और जलजमाव होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इसका असर खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजाना काम के लिए आने-जाने वाले लोगों पर पड़ता है।


ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के निर्माण और मरम्मत के लिए कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मांग की गयी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने बैठक कर आपसी सहयोग से सड़क सुधारने का निर्णय लिया। दर्जनों ग्रामीण कुदाल लेकर सड़क पर उतरे और पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी श्रमदान किया। अभियान में शंकर उरांव, कामेश्वर उरांव, रामसहाय उरांव, रामदयाल उरांव, सूरज उरांव, ज्योति देवी, कविता देवी, रोहित उरांव, संदीप उरांव, लक्ष्मण उरांव समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल हुए।
ग्रामीणों ने कहा कि चंदा जुटाकर मोरम डालना और श्रमदान करना केवल तत्काल राहत का प्रयास है, इससे सड़क की स्थायी समस्या हल नहीं होगी। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पचपेड़ी गांव की सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द स्थायी निर्माण नहीं होने और उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिये जाने पर वे सामूहिक आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं। जरूरत पड़ने पर आगामी चुनाव में वोट बहिष्कार का निर्णय लेने की बात भी कही गयी है।


