सरकारी योजनाओं से दूर आदिवासी परिवार, 6 लोग मिट्टी के एक कमरे में रहने को मजबूर

सारठ : झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद भी लगवां पंचायत में सोनू मरांडी का छह सदस्यीय परिवार बेहद गरीबी में जीवन गुजार रहा है। बगजोरिया और पीठलापुल गांव के बीच झाड़ियों में बने मिट्टी के एक कमरे के कच्चे मकान में परिवार रहता है। सोनू मजदूरी कर घर चलाते हैं। पत्नी रौशनी हांसदा के अनुसार, उनके चार बच्चे सकल मरांडी (10), फुलमुनि मरांडी (8), मीरु मरांडी (5) और मंजू मरांडी (2) हैं। बच्चों के पास पर्याप्त कपड़े नहीं हैं और उन्हें स्कूल व आंगनबाड़ी की सुविधा भी नहीं मिल रही है।


रौशनी का कहना है कि उनके पास पहनने के लिए सिर्फ एक साड़ी है, जबकि पूरा परिवार बोरा बिछाकर जमीन पर सोता है। कई बार घर में दो वक्त चूल्हा भी नहीं जलता। परिवार के पास राशन कार्ड नहीं है और प्रधानमंत्री आवास योजना या अबुआ आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला है। 27 वर्षीय रौशनी को मंईयां सम्मान योजना का लाभ भी नहीं मिल सका है। उनका आरोप है कि पति मजदूरी करते हैं, लेकिन शराब की लत के कारण कमाई का पैसा अक्सर घर नहीं पहुंचता। पंचायत समिति सदस्य रघुनंदन सिंह ने परिवार की स्थिति की जानकारी होने की बात कही और सरकारी सहायता दिलाने के लिए प्रयास करने की बात कही। परिवार की मांग है कि बच्चों को कपड़े, राशन और परिवार को सुरक्षित मकान जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलें।


