कार्तिक पूर्णिमा पर कुणाल षाड़ंगी ने स्वर्णरेखा नदी में किया स्नान, दीपदान कर मांगी सुख-समृद्धि

घाटशिला : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को बहरागोड़ा के पूर्व विधायक और झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी अपने समर्थकों के साथ मऊभंडार स्थित स्वर्णरेखा नदी के बेनासोल घाट पहुंचे। यहां उन्होंने पवित्र स्नान किया और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद मां गंगा की पूजा कर दीपदान किया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश के लोगों और झारखंडवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।


कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसी दिन सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक पर्व समाज में आस्था, आपसी सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश देते हैं।


