पीएचडी के बाद रिसर्च में करियर बनाने वालों को मिलेगा Rs 65 हजार महीना, 20 अक्टूबर तक आवेदन

रांची : पीएचडी पूरी कर रिसर्च और डेवलपमेंट में नियमित करियर बनाने वाले अभ्यर्थियों के लिए एआइसीटीई पोस्ट-डॉक्टरल फेलोशिप शुरू की गई है। इसके तहत चयनित अभ्यर्थियों को करीब 65 हजार रुपये प्रतिमाह कम से कम एक और अधिकतम दो वर्ष तक मिलेंगे। इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, डिजाइन, होटल मैनेजमेंट, एप्लाइड साइंस, प्लानिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, एप्लाइड आर्ट्स क्राफ्ट एंड डिजाइन और इंटर-डिसिप्लिनरी क्षेत्रों के पीएचडी धारक आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर है। मूल्यांकन 1 से 30 नवंबर 2026 तक होगा, चयन 15 दिसंबर तक और फेलोशिप 1 जनवरी 2027 से शुरू होगी। देशभर से 200 अभ्यर्थियों का चयन होगा और राशि डीबीटी से दी जाएगी।


एआइसीटीई की प्रगति, सक्षम और स्वनाथ स्कॉलरशिप (डिग्री व डिप्लोमा) के लिए भी 31 अक्तूबर तक आवेदन किया जा सकता है। आइएनओ स्तर पर वेरिफिकेशन 15 नवंबर और एसएनओ स्तर पर 30 नवंबर तक होगा। आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल से जमा करना है। वहीं, इंस्पायर अवॉर्ड मानक के तहत झारखंड के स्कूलों से अब तक 11,654 विद्यार्थियों के मॉडल का नॉमिनेशन हुआ है, जो 2025 के 45,336 की तुलना में 33,682 कम है। पलामू 2,105 नॉमिनेशन के साथ आगे है, जबकि साहिबगंज से सिर्फ 76 और रांची से 526 मॉडल दर्ज हुए हैं। रांची में इंस्पायर के लिए 821 स्कूल रजिस्टर्ड हैं। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार को बढ़ावा देना है।


