अंडर-19 महिला चैलेंजर ट्रॉफी के लिए झारखंड की तीन क्रिकेटरों का चयन

जमशेदपुर : झारखंड की तीन युवा महिला क्रिकेटरों कुमारी पलक, प्रियंका लूथरा और ईशिका दीपक का चयन बीसीसीआई (BCCI) अंडर-19 महिला चैलेंजर ट्रॉफी के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) में खुशी का माहौल है। तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा दिखायेंगी। कुमारी पलक बल्लेबाज हैं, जबकि प्रियंका लूथरा ऑलराउंडर के रूप में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान दे सकती हैं। वहीं, ईशिका दीपक तेज गेंदबाज हैं, जो अपनी गति और स्विंग से विपक्षी बल्लेबाजों को चुनौती देंगी।


JSCA अध्यक्ष ने तीनों खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए इसे राज्य की महिला क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह खिलाड़ियों, कोचों और सहायक कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने तीनों खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जतायी।
अंडर-19 महिला चैलेंजर ट्रॉफी युवा क्रिकेटरों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर देती है। इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के जरिए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और उच्च स्तर पर खेलने का अनुभव हासिल करने का मौका मिलता है। तीनों खिलाड़ियों के चयन से झारखंड में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।


