भू-धंसाव प्रभावित इलाके में फिर शुरू हुआ सर्वे, पुनर्वास और मुआवजे की जगी उम्मीद

छाताबाद : भू-धंसान प्रभावित इलाके में बुधवार को न्यू आकाशकिनारी कोलियरी प्रबंधन की सर्वे टीम ने दोबारा सर्वेक्षण शुरू किया। टीम ने छाताबाद मैदान से मस्जिद तक के क्षेत्र का जायजा लिया और प्रभावित हिस्सों की स्थिति देखी। लंबे समय से भू-धंसान की समस्या झेल रहे लोगों में सर्वे शुरू होने से पुनर्वास और मुआवजे को लेकर उम्मीद जगी है, हालांकि लगातार घटनाओं के कारण कई परिवार अपने घर और भविष्य की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

पार्षद मो. शहाबुद्दीन ने बताया कि गुरुवार को छाताबाद के खुशबू मोहल्ले में भी सर्वे किए जाने की सूचना है। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल की सर्वे टीम के बाद आईएसएम की विशेषज्ञ टीम भी प्रभावित इलाके का सर्वे करेगी। प्रभावित लोग सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग कर रहे हैं और चाहते हैं कि परिवारों तथा आवासों की स्थिति का उचित आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाए। फिलहाल सर्वे के आधार पर किसी परिवार को मुआवजा या पुनर्वास मिलने की अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
गौरतलब है कि 7 अगस्त को छाताबाद में जोरदार भू-धंसान की घटना में करीब एक दर्जन आवास जमींदोज हो गये थे। इसके बाद प्रभावित परिवारों ने सुरक्षित व्यवस्था और अपने आशियाने को बचाने की मांग को लेकर कई दिनों तक धरना दिया था। अब दोबारा सर्वे शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद है कि तकनीकी आकलन के आधार पर पुनर्वास और मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।


