सुब्रतो कप फुटबॉल का आगाज, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, डीसी ने मैदान में मारी पहली किक

पलामू : चैनपुर स्थित सहोदय उच्च विद्यालय में मंगलवार को प्रमंडल स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप जिलास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने टॉस कराकर और फुटबॉल पर पहली किक मारकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया। खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने विद्यालय जीवन को व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण दौर बताते हुए पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में अहम भूमिका निभाते हैं और खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा शारीरिक फिटनेस को मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता में पलामू, गढ़वा और लातेहार की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन अंडर-15 और अंडर-17 बालक वर्ग के लीग मुकाबले खेले गए, जबकि बुधवार को अंडर-17 बालिका वर्ग के तीन लीग मैच आयोजित किए जाएंगे। प्रदर्शन के आधार पर विजेता टीमों का चयन किया जाएगा।


