पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग पर हड़ताल, करीब 72 घंटे सेवाएं प्रभावित

जमशेदपुर : पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंककर्मियों की देशव्यापी हड़ताल शुक्रवार से शुरू हो गयी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर हुई हड़ताल से कोल्हान प्रमंडल की 400 से अधिक बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित है। शुक्रवार की हड़ताल के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंकिंग सेवाएं लगातार करीब 72 घंटे तक प्रभावित रहने की स्थिति बन गयी है। नकद निकासी, चेक क्लियरेंस और ड्राफ्ट समेत शाखाओं से जुड़ी कई सेवाओं पर असर पड़ेगा। डिजिटल बैंकिंग और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।


यूएफबीयू के संयोजक रिंटू कुमार रजक के अनुसार, बैंककर्मी शुक्रवार सुबह नौ बजे से अपनी शाखाओं के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। एसबीआइ, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक समेत प्रमुख राष्ट्रीयकृत, वाणिज्यिक और ग्रामीण बैंकों के कर्मचारी आंदोलन में शामिल हैं। इससे पहले कर्मचारी काली पट्टी बांधकर काम कर रहे थे। केंद्र सरकार और बैंक यूनियनों के बीच आठ और नौ सितंबर को हुई द्विपक्षीय वार्ता में समाधान नहीं निकलने के बाद हड़ताल का फैसला लिया गया।
बैंक यूनियनों की मुख्य मांग सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। रिंटू कुमार रजक ने कहा कि मांगों पर सहमति नहीं बनी तो 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गयी है।


