घाटशिला में यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती, एक महीने में करीब ₹1 लाख का चालान

घाटशिला : सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए घाटशिला पुलिस ने शुक्रवार शाम शहरी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। हालिया सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस ने चौक-चौराहों, प्रमुख मॉल, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। थाना प्रभारी भूषण कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने आम लोगों, वरिष्ठ नागरिकों, मॉल कर्मचारियों तथा ऑनलाइन डिलीवरी कर्मियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान गलत पार्किंग, तेज रफ्तार, रैश ड्राइविंग और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले खतरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई होगी।


थाना प्रभारी भूषण कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पिछले एक महीने से घाटशिला थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, मॉडिफाइड लाइट, प्रेशर हॉर्न, रैश ड्राइविंग और अन्य यातायात उल्लंघनों के मामलों में मानगो ट्रैफिक थाना के सहयोग से करीब एक लाख रुपये का चालान किया गया है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को वाहनों में अनावश्यक बदलाव नहीं करने, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। थाना प्रभारी ने कहा कि जागरूकता अभियान और वाहन जांच आगे भी जारी रहेगी तथा उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


