दुर्गा पूजा पर विशेष सफाई अभियान, चार जोन में बंटा नगर निगम क्षेत्र

बोकारो : दुर्गा पूजा के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए चास नगर निगम ने शुक्रवार से विशेष सफाई अभियान शुरू करने की योजना बनाई है। इसके तहत पूरे निगम क्षेत्र को चार जोन में बांटकर सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और आसपास के मोहल्लों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा नहीं होने देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निगम का यह अभियान दुर्गा पूजा के बाद छठ पूजा तक जारी रहेगा।

विशेष अभियान के तहत चारों जोन के सफाईकर्मियों को निर्धारित क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूजा पंडालों के आसपास के मार्गों और मोहल्लों की सफाई के साथ नियमित कचरा उठाव और डंपिंग की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। जिन स्थानों पर अधिक कचरा जमा होने की आशंका है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। नगर निगम ने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से भी सफाई व्यवस्था में सहयोग करने तथा पंडालों के आसपास कचरा निर्धारित स्थानों पर रखने की अपील की है।
चास नगर निगम के मेयर भोलू पासवान ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर निगम क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए चार जोन में सफाईकर्मियों की तैनाती कर पंडालों, मोहल्लों और प्रमुख सड़कों की स्वच्छता पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान छठ पूजा तक जारी रहेगा, ताकि त्योहारों के दौरान नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनी रहे।


