बिजली उपभोक्ताओं के लिए 20 से 30 नवंबर तक लगेंगे विशेष शिविर, बिल सुधार से नए कनेक्शन तक मिलेगी सुविधा

रांची : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ग्रामीण क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर आयोजित करेगा। रांची पूर्व विद्युत आपूर्ति मंडल के अंतर्गत 20 से 30 नवंबर तक विभिन्न खंडों की 15 पंचायतों में ये शिविर लगाये जायेंगे। शिविरों का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। उपभोक्ता शिविर में आवेदन देकर बिजली से जुड़ी अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।


शिविरों के सफल संचालन की जिम्मेदारी संबंधित सहायक विद्युत अभियंताओं को सौंपी गयी है। व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की भी प्रतिनियुक्ति की जायेगी, ताकि उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं मिल सकें।
इन शिविरों में बिजली बिल का भुगतान, बिल में सुधार, खराब मीटर बदलने और नया बिजली कनेक्शन लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा बिजली आपूर्ति में बाधा से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने, मोबाइल नंबर अपडेट कराने और सोलर पैनल से संबंधित समस्याओं का समाधान कराने की भी व्यवस्था की गयी है।


