झारखंड में धान खरीद के लिए 1000 करोड़ का लोन लेगा जेएसएफसी, किसानों को मिलेगा 109 रुपये बोनस

झारखंड : खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत राज्य में धान खरीद की तैयारियां तेज कर दी गयी हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और खरीद के बाद समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (जेएसएफसी) ने 1000 करोड़ रुपये का ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए निगम की ओर से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (इओआइ) नोटिस जारी किया गया है। प्रबंध निदेशक रंजीता टोपो द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, आरबीएलआर के तहत ऋण उपलब्ध कराने वाले बैंक या वित्तीय संस्थान का चयन किया जायेगा। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, ऋण की राशि का इस्तेमाल किसानों को समय पर भुगतान करने और धान खरीद व्यवस्था के बेहतर संचालन में किया जायेगा।


राज्य में इस बार 15 दिसंबर से धान की खरीद शुरू करने की तैयारी है। केंद्र सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2441 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार किसानों को 109 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देगी। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह बोनस 81 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसे इस बार 28 रुपये बढ़ाया गया है। बोनस सहित किसानों को सामान्य धान के लिए 2550 रुपये और ग्रेड-ए धान के लिए 2570 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे।
खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने मार्च 2027 तक राज्य में 40 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना के लिए झारखंड राज्य खाद्य निगम को नोडल एजेंसी बनाया गया है। विभाग के प्रस्ताव को कैबिनेट की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद इसकी घोषणा की जायेगी। निगम धान खरीद नीति के क्रियान्वयन और बोनस भुगतान की व्यवस्था की निगरानी करेगा।


