दुर्गापूजा में मिलावट रोकने के लिए छह जांच टीमें गठित, खाद्य प्रतिष्ठानों की होगी जांच

जमशेदपुर : दुर्गापूजा के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने छह जांच टीमें गठित की हैं। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों, होटल और अन्य खाद्य सामग्री विक्रेता प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगी।

जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्माण और भंडारण की स्थिति के साथ मिलावट की जांच की जायेगी। संदेह होने पर नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जायेंगे। त्योहारी मौसम को देखते हुए मिठाई, खोवा, पनीर, तेल, मसाले, दूध और दूध से बने उत्पादों समेत अन्य खाद्य सामग्री पर विशेष निगरानी रखी जायेगी.
प्रशासन ने कहा है कि मिलावट, नकली खाद्य सामग्री की बिक्री या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। खाद्य विक्रेताओं से गुणवत्तापूर्ण सामग्री की बिक्री और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाये रखने की अपील की गयी है। आम लोगों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान देने तथा किसी तरह की मिलावट या अनियमितता की जानकारी प्रशासन को देने को कहा गया है।


