SIR की मौजूदा प्रक्रिया पर रोक, नए SOP से फिर होगा मतदाता सूची का पुनरीक्षण

रांची : झारखंड विधानसभा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की मौजूदा प्रक्रिया पर रोक लगाने और नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार कर नए सिरे से पुनरीक्षण कराने का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिया है। बुधवार को विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार का राजकीय संकल्प सदन में पेश किया। चर्चा के बाद सदन ने राज्य सरकार के 23 नवंबर 2026 के संकल्प संख्या 1271 का समर्थन किया। अब इसे केंद्र सरकार और सक्षम प्राधिकार को भेजा जाएगा।


सरकार का कहना है कि झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियां दूसरे राज्यों से अलग हैं। आदिवासी और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के कई परिवारों के पास पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। इसके अलावा प्रवासी मजदूरों, दूसरे राज्यों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, बुजुर्गों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को भी दस्तावेज जुटाने में परेशानी हो रही है। सरकार ने राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और खतियान जैसे दस्तावेजों को मान्य सूची में शामिल नहीं किए जाने, ऑनलाइन प्रक्रिया, OTP और स्मार्टफोन की अनिवार्यता तथा स्थानीय भाषाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी सवाल उठाए हैं।
संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि किसी भी योग्य नागरिक को मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सरकार ने सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से व्यापक चर्चा के बाद सरल, पारदर्शी और सर्वमान्य SOP तैयार करने तथा उसके आधार पर नए सिरे से SIR कराने की मांग की है। संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भाजपा पर SIR का इस्तेमाल चुनाव जीतने के हथियार के रूप में करने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी उठाई। संकल्प में पश्चिम बंगाल में 90 लाख से अधिक नाम हटाए जाने और 38 लाख से अधिक अपीलें ट्रिब्यूनल में पहुंचने का भी उल्लेख किया गया है।


