मुंडा और सोरेन परिवार के रिश्ते राजनीति से ऊपर, तीन दशक बाद भी कायम है आत्मीयता

जमशेदपुर : झारखंड की राजनीति में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और भाजपा भले ही एक-दूसरे के राजनीतिक विरोधी हों, लेकिन सोरेन और मुंडा परिवार के बीच पारिवारिक आत्मीयता और मानवीय रिश्ते आज भी कायम हैं। हाल ही में डेढ़ महीने के भीतर दोनों परिवारों ने अपनी माताओं को खोया। दुख की इस घड़ी में दोनों परिवारों ने एक-दूसरे का साथ देकर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर मानवीय संबंधों की मिसाल पेश की। शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ घोड़ाबांधा स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे और उनकी मां सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि दी।


इससे पहले 7 अक्टूबर 2026 को हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन हुआ था। 8 अक्टूबर को अंतिम संस्कार से पहले अर्जुन मुंडा रांची के मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देने और परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे। वहीं, 23 नवंबर को सायरा मुंडा के निधन पर हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा को अपना बड़ा भाई बताते हुए शोक व्यक्त किया था।
अर्जुन मुंडा का राजनीतिक सफर वर्ष 1995 में झारखंड मुक्ति मोर्चा से शुरू हुआ था। उन्होंने खरसावां से झामुमो के टिकट पर चुनाव जीतकर एकीकृत बिहार विधानसभा में प्रवेश किया था। उस दौरान दिशोम गुरु शिबू सोरेन से उन्हें राजनीतिक मार्गदर्शन मिला। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए। मार्च 2003 में महज 35 वर्ष की उम्र में अर्जुन मुंडा झारखंड के दूसरे मुख्यमंत्री बने थे। उस समय शिबू सोरेन ने कहा था कि उन्होंने ही अर्जुन को तीर चलाना सिखाया है।
राजनीतिक उतार-चढ़ाव के दौरान भी दोनों परिवारों के संबंध बने रहे। सितंबर 2010 से जनवरी 2013 तक अर्जुन मुंडा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में हेमंत सोरेन उपमुख्यमंत्री रहे थे। बाद में झामुमो के समर्थन वापस लेने से सरकार गिर गई और जुलाई 2013 में हेमंत सोरेन पहली बार मुख्यमंत्री बने। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में पोटका सीट पर अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा के खिलाफ झामुमो के संजीब सरदार चुनाव मैदान में थे। इसके बावजूद संजीब सरदार भी शुक्रवार को अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। इससे पहले अगस्त 2025 में शिबू सोरेन के निधन के बाद भारी जाम के कारण अर्जुन मुंडा करीब सात किलोमीटर बाइक चलाकर नेमरा पहुंचे थे और गुरुजी को अंतिम जोहार किया था।


