सोनारी के नारायणी धाम में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

जमशेदपुर : शहर की धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री नारायणी सेवा ट्रस्ट द्वारा नारायणी धाम सोनारी स्थित प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। बाबा श्याम के दरबार में बाल गोपाल का झूला रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया। मध्यरात्रि 12 बजते ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की गूंज से पूरा मंदिर परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। उत्सव की शुरुआत देर शाम 8 बजे 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए आयोजित ‘सजा कर लाओ, उपहार पाओ’ प्रतियोगिता से हुई, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चे बाल-गोपाल और राधा के मनमोहक रूप में सजे-धजे नजर आए, जिन्हें मंदिर समिति द्वारा पुरस्कार दिया गया।

रात्रि 8.30 बजे से स्वर साधिका ट्विंकल साहू ने भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। उन्होंने नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, अच्युतं केशवं कृष्ण दामोदरं और छोटी-छोटी गैया छोटे-छोटे ग्वाल जैसे भजनों पर भक्तों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। रात्रि 10 बजे विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण का भव्य महाअभिषेक किया गया।
ठीक रात 12 बजे जन्मोत्सव की मुख्य आरती की गई। महाआरती के बाद रात्रि 12.15 बजे उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच चरणामृत और महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में किरण कांवटिया, कृष्णा संघी, मीना सरायवाला, स्नेहा चंदेल, लता सरायवाला, रिंकी भागोदिया, नेहा संगी, राजकुमार चंदूका, राजकुमार संघी, कैलाश सरायवाला और ललित सरायवाला आदि का योगदान रहा।


