केनरा बैंक डकैती की जांच में सुरक्षा की गंभीर खामियां उजागर, पूरे राज्य में होगा बैंकों का सिक्योरिटी ऑडिट

Advertisements

जमशेदपुर : केनरा बैंक डकैती मामले की शुक्रवार को हुई जांच में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आयीं। जांच में पता चला कि बड़े पैमाने पर सोने का लॉकर और नकद रखने वाले इस बैंक में कोई आपातकालीन अलार्म सिस्टम कार्यशील स्थिति में नहीं था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों को बैंक की इस तकनीकी खामी और ढीली सुरक्षा व्यवस्था की पहले से जानकारी थी। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि अपराधियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक बैंक की गहन रेकी की थी। उन्हें सुबह 9:15 बजे बैंक खुलने के समय सुरक्षा के स्तर, कर्मचारियों के आने के नियम और सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, इन्हीं पहलुओं का अध्ययन करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

शुक्रवार को एडीजी मनोज कौशिक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष जांच टीम के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने एसआइटी के अधिकारियों को अलग-अलग बिंदुओं पर टास्क देते हुए वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक इनपुट का बारीकी से विश्लेषण करने का निर्देश दिया। घटना के समय सक्रिय मोबाइल टावर डंप डेटा की भी जांच की जा रही है। इस दौरान कोल्हान डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब और सिटी डीएसपी संजीव कुमार भी मौजूद थे। वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को अंदेशा है कि इसमें अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है और अपराधी बिहार, ओडिशा या पश्चिम बंगाल की सीमा में दाखिल हुए होंगे। झारखंड पुलिस ने तीनों राज्यों की पुलिस से संपर्क साधा है। अंतरराज्यीय सीमाओं पर अलर्ट जारी करने के साथ संभावित ठिकानों पर संयुक्त छापेमारी की जा रही है।

See also  घरेलू विवाद में बेटे ने पिता की हत्या की, शव आंगन में छोड़कर फरार

बैंक की सुरक्षा में मिली खामियों के बाद जिले और प्रमंडल के सभी सरकारी व निजी बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन अलार्म, सुरक्षा गार्डों के हथियार और उनके प्रशिक्षण की जांच करेंगी। सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिलने वाले बैंकों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया जायेगा। डकैती के बाद शहर के प्रवेश और निकास द्वारों, मुख्य चौराहों और हाइवे पर पुलिस चेकिंग भी बेहद कड़ी कर दी गयी है। संध्याकालीन और रात्रि गश्त में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है।

About The Author

You may have missed