साइना नेहवाल ने किया रिटायरमेंट का ऐलान,


Delhi: ओलंपिक मेडलिस्ट भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। साइना नेहवाल ने प्रतिस्पर्धी खेल से संन्यास की पुष्टि करते हुए कहा कि उनका शरीर अब एलीट खेल की मांगों के अनुरूप उनका साथ नहीं दे रहा है। ऐसे में वह इस खेल को जारी नहीं रख पाएंगी। लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेता साइना नेहवाल ने आखिरी बार प्रतिस्पर्धी मैच 2023 में सिंगापुर ओपन में खेला था। बीते करीब ढाई-तीन साल से वह प्रोफेशनल बैडमिंटन में नजर नहीं आई हैं। घुटना उनका साथ नहीं दे रहा, जिस वजह से वह काफी समय से बैडमिंटन कोर्ट से दूर थीं।पीटीआई के हवाले से एक पॉडकास्ट में साइना ने कहा, ‘मैंने 2 साल पहले खेलना बंद कर दिया था. मुझे सच में लगा कि मैंने अपनी शर्तों पर इस खेल में एंट्री की थी और अपनी शर्तों पर ही इसे छोड़ा, इसलिए इसे ऐलान करने की कोई ज़रूरत नहीं थी. अगर आप अब और खेलने में केपेबल नहीं हैं, तो बस इतना ही. ये ठीक है.’पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 ने बताया कि घुटने में ज्यादा टूट-फूट के कारण वो लंबे समय तक हाई-इंटेंसिटी ट्रेनिंग नहीं कर पा रही थीं. उन्होंने कहा, ‘आपकी कार्टिलेज पूरी तरह से खराब हो गई है, आपको आर्थराइटिस है, मेरे माता-पिता को ये जानने की जरूरत थी, मेरे कोच को ये जानने की जरूरत थी, और मैंने बस उनसे कहा, ‘अब शायद मैं ये और नहीं कर सकती, ये मुश्किल है’.साइना नेहवाल ने कहा कि उन्हें नहीं लगा कि औपचारिक रिटायरमेंट स्टेटमेंट जरूरी है, क्योंकि कॉम्पिटिशन से दूर रहने के उनके फैसले से ये बात साफ हो गई थी. उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगा कि मेरे रिटायरमेंट की घोषणा करना इतनी बड़ी बात है. मुझे बस लगा कि मेरा वक्त खत्म हो गया है क्योंकि मैं ज्यादा जोर नहीं लगा पा रही थी, मेरा घुटना पहले की तरह जोर नहीं लगा पा रहा था.”उन्होंने आगे कहा, ‘दुनिया में सबसे अच्छा बनने के लिए आप 8 से 9 घंटे ट्रेनिंग करते हैं, अब मेरा घुटना 1 या 2 घंटे में ही जवाब दे रहा था. इसमें सूजन आ जाती थी और उसके बाद जोर लगाना बहुत मुश्किल हो जाता था. इसलिए मैंने सोचा कि बस बहुत हो गया. मैं अब और जोर नहीं लगा सकती.’



