करनडीह में पारंपरिक रीति-रिवाज से मना सगुन सोहराय पर्व, विधायक ने बजाया ढोल-नगाड़ा

Advertisements

जमशेदपुर : आदिवासी संस्कृति में प्रकृति और पशुधन के सम्मान की परंपरा मंगलवार को करनडीह स्थित जयपाल सिंह मुंडा मैदान में देखने को मिली। यहां किनुडीह ग्राम सभा की ओर से सगुन सोहराय पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बैलों की पूजा-अर्चना कर उनके प्रति आभार जताया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच महिलाओं ने पारंपरिक सोहराय गीत गाए और ग्रामीणों ने जमकर उत्सव मनाया।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

पर्व के दौरान बैलों को पहले घरों में स्नान कराया गया और फिर पारंपरिक तरीके से मैदान में लाया गया। वहां लोटे के जल से उनके पैर धोए गए। इसके बाद तेल और चावल अर्पित कर धूप-बत्ती दिखाई गई तथा आरती उतारकर पूजा की गई। महिलाओं ने सोहराय गीत गाए और बैलों को नचाने की रस्म निभाई। बुजुर्गों ने भी पारंपरिक वाद्य यंत्रों और गीतों के माध्यम से उत्सव में भाग लिया। पूर्वी घाघीडीह की उप मुखिया रेमत सोरेन ने बताया कि खेती-किसानी में सालभर सहयोग करने वाले बैलों के प्रति आभार जताने के लिए यह परंपरा निभाई जाती है। मान्यता है कि बैलों की पूजा से अच्छी फसल और कृषि कार्य में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आदिवासी संस्कृति, पहचान और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया। इस दौरान विधायक ने स्वयं ढोल-नगाड़ा बजाया और बैलों की पूजा में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में किनुडीह ग्राम सभा के माझी बाबा रेंटा सोरेन, मुखिया सरस्वती टुडू, मुखिया सुनील किस्कू, सेवा हो लक्ष्य संस्था के अध्यक्ष मानिक मल्लिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

About The Author

You may have missed