सोनारी गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा के साथ मना गुरता गद्दी दिवस

जमशेदपुर : सोनारी गुरुद्वारा साहिब में बुधवार को गुरता गद्दी दिवस का धार्मिक समागम श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। धर्म प्रचार कमेटी अकाली दल जमशेदपुर की ओर से गुरुद्वारा साहिब सोनारी कमेटी के सहयोग से आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समागम की शुरुआत अरदास और हुकमनामा साहिब के साथ हुई। इसके बाद भाई गुरप्रीत सिंह, भाई निर्मल सिंह और भाई गुरदीप सिंह ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया।


कार्यक्रम में कथावाचक ज्ञानी अमृतपाल सिंह ने सिख इतिहास के महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन करते हुए गुरु परंपरा की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि गुरता गद्दी दिवस सिख पंथ की आध्यात्मिक निरंतरता और गुरु परंपरा की अमरता का प्रतीक है। धर्म प्रचार कमेटी अकाली दल जमशेदपुर के प्रधान भाई रविन्दर सिंह ने कहा कि ‘सब सिखण को हुक्म है गुरु मानयो ग्रंथ’ का संदेश पूरी मानवता को शब्द, सत्य, समानता और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समागम के दौरान गुरुद्वारा परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भाई रविन्दर सिंह, जत्थेदार भाई जरनैल सिंह, भाई सुखदेव सिंह खालसा, भाई रविंदरपाल सिंह, भाई अमृतपाल सिंह, भाई प्रितपाल सिंह, भाई हरजीत सिंह, भाई गुरदेव सिंह, भाई जसबीर सिंह एवं भाई हरजिंदर सिंह का विशेष योगदान रहा।


