₹32 करोड़ टर्नओवर फिर भी वित्तीय दबाव, टाटा स्टील ने ₹100 में बेची जमशेदपुर FC की पूरी हिस्सेदारी

जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (JFSPL) में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी चर्चिल ब्रदर्स स्पोर्ट्स क्लब प्राइवेट लिमिटेड को हस्तांतरित करने का फैसला किया है। यह सौदा महज 100 रुपये के सांकेतिक मूल्य पर किया गया है। JFSPL ही इंडियन सुपर लीग की टीम जमशेदपुर एफसी का संचालन करती है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का टर्नओवर 32.23 करोड़ रुपये रहा, जो टाटा स्टील के समेकित कारोबार का करीब 0.01 प्रतिशत था।

31 मार्च 2026 तक JFSPL की नेटवर्थ नकारात्मक 5.8 करोड़ रुपये दर्ज की गई थी। टाटा स्टील के पास कंपनी के 4.08 करोड़ इक्विटी शेयर थे, जिनमें प्रत्येक शेयर का अंकित मूल्य 10 रुपये है। इन सभी शेयरों को चर्चिल ब्रदर्स स्पोर्ट्स क्लब को हस्तांतरित किया जा रहा है। इस बदलाव के साथ जमशेदपुर एफसी का नियंत्रण अब चर्चिल ब्रदर्स के पास चला जाएगा।
टाटा स्टील के अनुसार इस हस्तांतरण का उद्देश्य क्लब के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के लिए निरंतरता बनाए रखना है। सौदे में इंडियन सुपर लीग का स्पोर्टिंग लाइसेंस भी शामिल है और 12 खिलाड़ियों तथा दो कोच के ट्रांसफर की व्यवस्था की गई है। यह कदम टाटा स्टील के क्लब फुटबॉल संचालन से बाहर निकलने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।


