मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग पर JMM का प्रदर्शन, लोक भवन घेराव की तैयारी

रांची : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने 30 सितंबर को लोक भवन के समक्ष प्रदर्शन का आह्वान किया है। रांची कॉलेज मैदान में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जुट रहे हैं। रांची महानगर जिला समिति के अलावा खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा से भी कार्यकर्ता रांची पहुंचे हैं। केंद्रीय समिति के सदस्य, जिला और महानगर स्तर के नेता, प्रखंड स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मैदान में एकत्र हो रहे हैं। यहां से कार्यकर्ता जुलूस के रूप में लोक भवन के लिए रवाना होंगे। प्रदर्शन में पार्टी के मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे।


रांची जिला समिति और महानगर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रदर्शन को लेकर महानगर समिति के संयोजक मुस्ताक आलम ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के स्तर से एसआईआर में की जा रही कथित मनमानी के कारण आम जनता को परेशानी हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर लोक भवन के समक्ष प्रदर्शन किया जा रहा है। JMM ने एसआईआर और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पार्टी इससे पहले भी एसआईआर से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की मांग उठा चुकी है। खूंटी, गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा से कार्यकर्ताओं के पहुंचने के साथ रांची कॉलेज मैदान में भीड़ बढ़ रही है। जुलूस के लोक भवन पहुंचने के बाद वहां प्रदर्शन किया जाएगा।


