शिबू सोरेन के गांव से शुरू होगी ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’, सभी 24 जिलों तक पहुंचेंगे छात्र






रांची : झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों ने आंदोलन के अगले चरण का ऐलान किया है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के अनुसार 24 अगस्त 2026 से दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ से ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ शुरू की जाएगी। यह यात्रा राज्य के सभी 24 जिलों के प्रमुख स्थानों तक पहुंचेगी और शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, पुस्तकालयों तथा छात्र समुदाय के बीच जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।महतो ने कहा कि छात्रों का आंदोलन भ्रष्टाचार, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ है। आंदोलन के बाद सरकार ने 22 परीक्षाएं रद्द करने, छह भर्ती प्रक्रियाओं को स्थगित करने और 17 परीक्षाओं की जांच कराने का फैसला किया था। छात्र संगठन का कहना है कि भविष्य की भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और गड़बड़ी रोकने की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।मंच ने चेतावनी दी है कि 15 सितंबर को हाईकोर्ट में सरकार की ओर से छात्रों के हित में मजबूत पक्ष नहीं रखा गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। अभ्यर्थी न्याय मंच ने मुख्यमंत्री आवास तक मार्च और अनिश्चितकालीन सड़क जाम जैसे कदम उठाने की भी चेतावनी दी है।



