इस्पात एक्सप्रेस से हटा सुपरफास्ट का दर्जा, बदले गए ट्रेन नंबर

जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर से गुजरने वाली इस्पात एक्सप्रेस का सुपरफास्ट दर्जा 1 नवंबर से समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही हावड़ा-कांटाबांजी और हावड़ा-जूनागढ़ इस्पात एक्सप्रेस के ट्रेन नंबरों में भी बदलाव किया गया है। अब हावड़ा-कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस 22861 के स्थान पर 18073 और हावड़ा-जूनागढ़ इस्पात एक्सप्रेस 12871 के बजाय 18071 नंबर से चलेगी। वहीं, टाटानगर-कटिहार एक्सप्रेस का नंबर भी 28181 से बदलकर 18633 कर दिया गया है। यह ट्रेन अब नए नंबर से अप और डाउन दोनों दिशाओं में परिचालित होगी।

रेलवे ने रांची, पटना और धनबाद से चलने वाली कुछ अन्य ट्रेनों के नंबरों में भी बदलाव किया है। उल्लेखनीय है कि सुपरफास्ट श्रेणी में शामिल होने के बावजूद इस्पात एक्सप्रेस अप और डाउन दोनों दिशाओं में लगातार विलंब से चल रही है।


