छठ घाटों की तैयारियों का डीसी-एसपी ने लिया जायजा, 10 नवंबर तक सफाई का निर्देश

बोकारो : छठ महापर्व को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने मंगलवार को चास नगर निगम और बोकारो स्टील सिटी क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। उपायुक्त ने सोलागडीह तालाब छठ घाट पर चल रहे सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए जलकुंभी पूरी तरह हटाने और अतिरिक्त श्रमिक लगाकर सफाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने 10 नवंबर से पहले घाटों की साफ-सफाई, निर्माण और प्रकाश व्यवस्था पूरी करने को कहा। अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार और उप महापौर पूजा कुमारी को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी दी गई।

अधिकारियों ने सेक्टर-4 स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट, जगन्नाथ मंदिर घाट, सेक्टर-9 के कूलिंग पॉन्ड और चास स्थित गरगा नदी छठ घाट का भी निरीक्षण किया। जगन्नाथ मंदिर घाट पर मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई और बीएसएल प्रबंधन को आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। कूलिंग पॉन्ड में सफाई शुरू नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और दिवाली से पहले काम पूरा करने को कहा। डीसी-एसपी ने सभी छठ घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग, बैलून, जरूरत के अनुसार एंबुलेंस और मिनी कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।


