व्हाइट हाउस जैसी भव्य इमारत से बदलेगी रायरंगपुर स्टेशन की पहचान, 4 नवंबर को उद्घाटन प्रस्तावित

जमशेदपुर : ओडिशा के मयूरभंज जिले में रायरंगपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है। अमेरिका के व्हाइट हाउस की तर्ज पर डिजाइन की गई करीब 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बनी तीन मंजिला इमारत अपनी आकर्षक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं के कारण खास पहचान बना रही है। स्टेशन परिसर में प्लेटफॉर्म, रेलवे ट्रैक, पार्किंग और मुख्य भवन को नया रूप दिया गया है। दीवारों पर सोहराय पेंटिंग और भगवान जगन्नाथ की कलाकृतियां लगाई गई हैं। परिसर में 30 से अधिक झूमर लाइट और दो हाईमास्ट लाइट भी लगाई गई हैं। भवन में राजस्थान से मंगाया गया ग्रेनाइट इस्तेमाल किया गया है, जबकि कुल निर्मित क्षेत्रफल की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

नई इमारत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए विशेष कक्ष तैयार किया गया है। उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए स्टेशन परिसर में तैयारियां तेज हैं। चार नवंबर को राष्ट्रपति के ओडिशा दौरे के दौरान रायरंगपुर जंक्शन और बादामपहाड़ रेलवे स्टेशन के उद्घाटन का कार्यक्रम निर्धारित है। रायरंगपुर जंक्शन के पार्किंग परिसर में मुख्य समारोह आयोजित करने की तैयारी है, जबकि बादामपहाड़ स्टेशन का उद्घाटन ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
रेल मंत्रालय ने बादामपहाड़-रायरंगपुर-पुरी के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन को भी मंजूरी दी है। प्रस्तावित ट्रेन का नंबर 18411/18412 है और इसका शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्रस्तावित है। रायरंगपुर स्टेशन से शालीमार-बादामपहाड़ एक्सप्रेस (18049/18050), राउरकेला-बादामपहाड़ एक्सप्रेस (18051/18052) और टाटानगर-बादामपहाड़ मेमू की सेवाएं भी गुजरती हैं। मेमू सेवाओं में ट्रेन नंबर 68129, 68131 और 68133 तथा वापसी की सेवाएं 68130, 68135 और 68136 शामिल हैं। स्टेशन के पुनर्विकास और नई ट्रेन सेवा से मयूरभंज सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।


