चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ का असर, कोल्हान में हाई अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट जारी

जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्णव’ का असर जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र में दिखने लगा है। बुधवार तड़के साढ़े तीन से साढ़े पांच बजे तक तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। इसके बाद बारिश थमने से लोगों को राहत मिली, हालांकि आसमान में घने बादल छाए रहे। स्कूल बंद रहने के कारण सुबह सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम रही।

मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम समेत कोल्हान में खराब मौसम को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। 28 और 29 अक्टूबर के लिए विशेष ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इससे पेड़ों की डालियां टूटने, कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा है।
आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। उपायुक्त ने नगर निकायों, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारियों और विद्युत अभियंताओं को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों और तटीय बस्तियों में जलजमाव व बाढ़ की आशंका को देखते हुए सुरक्षित आश्रय स्थल चिह्नित किए गए हैं और राहत सामग्री की व्यवस्था की गई है। तेज हवा और बारिश से धान व सब्जियों की फसलों को नुकसान की आशंका के बीच प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक बाहर नहीं निकलने तथा पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।


