दिवाली पर वायरल हो रही रंगोली मैट शीट, घर पर ऐसे करें तैयार

दिवाली : त्योहार पर घर के मुख्य दरवाजे को रंगोली से सजाना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन फर्श पर बनी रंगोली के रंग जल्दी बिखर जाते हैं। खासकर घर में छोटे बच्चे होने पर इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखना मुश्किल होता है। इस समस्या के समाधान के लिए इन दिनों रंगों से तैयार होने वाली रियूजेबल रंगोली मैट शीट का ट्रेंड वायरल हो रहा है। इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है और जरूरत के अनुसार अलग-अलग जगहों पर सजावट के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।


रंगोली मैट शीट बनाने के लिए प्लास्टिक की टाइट शीट या ओएचपी शीट, ग्लू या फेविकोल, रंगोली के रंग, ब्रश और परमानेंट मार्कर की जरूरत होगी। सबसे पहले मनपसंद डिजाइन चुनें। बड़े फूलों और पंखुड़ियों वाली डिजाइन बनाना आसान रहता है। डिजाइन को कागज पर बनाकर उसके ऊपर प्लास्टिक शीट रखें और परमानेंट मार्कर से आउटलाइन तैयार करें। इसके बाद ब्रश की मदद से डिजाइन के छोटे-छोटे हिस्सों पर फेविकोल लगाएं और सूखने से पहले उस पर मनचाहे रंग छिड़क दें। अतिरिक्त रंग झाड़कर हटा दें और इसी तरह पूरी डिजाइन तैयार करें। ध्यान रखें कि एक रंग दूसरे रंग पर न चढ़े, इसलिए अलग-अलग हिस्सों में बारी-बारी से ग्लू और रंग लगाएं। बड़ी रंगोली बनाने के लिए छोटी-छोटी शीट तैयार कर उन्हें मनचाही जगह पर व्यवस्थित करके टेप से चिपकाया जा सकता है।


