बिना ब्रेड के बनाएं कुरकुरे ब्रेड पकौड़े, दिवाली पार्टी के लिए नोट करें आसान रेसिपी

दिवाली : त्योहार के मौके पर घर आने वाले मेहमानों को चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट और कुरकुरा परोसना चाहते हैं, तो बिना ब्रेड के बनने वाले ब्रेड पकौड़े एक अच्छा विकल्प हैं। खास बात यह है कि इस रेसिपी में ब्रेड की जगह सूजी का इस्तेमाल किया जाता है। इससे पकौड़ों का बेस तैयार होता है, जबकि अंदर आलू की मसालेदार फिलिंग डाली जाती है। इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।


इन्हें बनाने के लिए 4-5 उबले आलू, आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच साबुत धनिया, चुटकी भर हींग, 4-5 करी पत्ते, 1 चम्मच अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट, चाट मसाला, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, हरा धनिया, 1 कप सूजी, आधा कप दही, 1/4 चम्मच ईनो, नमक, डेढ़ कप बेसन और आधा चम्मच अजवाइन की जरूरत होगी। सबसे पहले गर्म तेल में जीरा, साबुत धनिया, हींग और करी पत्ता भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन-मिर्च का पेस्ट और मैश किए हुए आलू डालकर हल्दी, लाल मिर्च, नमक और चाट मसाले के साथ भरावन तैयार करें। सूजी को मिक्सर में बारीक पीसकर दही और आधा कप पानी मिलाएं और 10-15 मिनट तक छोड़ दें। सूजी फूलने पर आवश्यकतानुसार पानी, नमक और ईनो मिलाकर बैटर तैयार करें। इसे मोल्ड में डालकर धीमी से मध्यम आंच पर 10-12 मिनट तक स्टीम करें।
तैयार सूजी के बेस को स्लाइस में काटकर बीच में आलू की फिलिंग भरें। एक तरफ टोमैटो केचअप और दूसरी तरफ हरी चटनी लगाकर इन्हें ब्रेड पकौड़े का आकार दें। अब बेसन में अजवाइन, हींग, हल्दी, लाल मिर्च और नमक मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। तैयार पकौड़ों को बेसन के घोल में डुबोकर गर्म तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। इन्हें गरमा-गरम चाय या हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं।


