कोलकाता में ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू होने की तैयारी, यात्रियों को मिल सकती है सस्ती और सुविधाजनक सवारी

कोलकाता :कोलकाता में जल्द ही ‘भारत टैक्सी’ सेवा शुरू किए जाने की तैयारी की जा रही है। यह एक सहकारी (कोऑपरेटिव) आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जिसे देश में सार्वजनिक परिवहन के एक नए विकल्प के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस सेवा के शुरू होने के बाद शहर में टैक्सी और कैब सेवाओं में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है।


जानकारी के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म ड्राइवर-ओनर मॉडल पर आधारित है, जिसमें ड्राइवरों को ही सेवा का हिस्सा बनाकर उन्हें सीधे लाभ देने की व्यवस्था की गई है। इससे यात्रियों को पारदर्शी किराए और बिना अधिक कमीशन वाली सेवा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह पहल देश के कई बड़े शहरों में विस्तार की योजना के तहत आगे बढ़ रही है।
फिलहाल कोलकाता में इस सेवा के संचालन की तैयारियां चल रही हैं और आने वाले समय में इसके विस्तार के साथ यात्रियों को किफायती और बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है.


