प्रसन्नजीत पॉल का भारतीय टीम में चयन, टोक्यो में वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप में लेंगे हिस्सा

जमशेदपुर : शहर के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच प्रसन्नजीत पॉल का चयन वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप के 35 प्लस आयु वर्ग के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 15 से 28 नवंबर तक जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित होगी। प्रसन्नजीत इस प्रतियोगिता में भारतीय दल की ओर से चुनौती पेश करेंगे। उनके चयन से शहर के खेल जगत में खुशी है।


प्रसन्नजीत को खेल का माहौल परिवार से ही मिला। उनके पिता पीके पॉल ने टाटा फुटबॉल एकेडमी (TFA) और माता कुंतला पॉल ने टाटा आर्चरी एकेडमी (TAA) में करीब 25 वर्षों तक सेवाएं दी हैं। उनके पिता की जमशेदपुर क्रिकेट लीग में प्रतिस्पर्धा करने वाले स्टूडेंट क्लब की स्थापना में भी अहम भूमिका रही है। कदमा निवासी प्रसन्नजीत ने नौ साल की उम्र में कोच बिपुल कुमार के मार्गदर्शन में टेनिस खेलना शुरू किया। 12 वर्ष की उम्र में वे पुणे चले गए, जहां अगले सात वर्षों तक कोच हेमंत बेंद्रे से प्रशिक्षण लिया। एक गंभीर सड़क दुर्घटना के कारण उनके खेल करियर में कुछ समय के लिए बाधा आई, लेकिन कॉलेज के दिनों में कोच अमोद वालकर ने स्कॉलरशिप देकर उन्हें मेंस सर्किट में वापसी का अवसर दिया।
इसके बाद प्रसन्नजीत ने इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) और यूनाइटेड स्टेट्स प्रोफेशनल टेनिस रजिस्ट्री (USPTR) से प्रमाणित कोचिंग प्रमाणपत्र हासिल किए। करीब पांच साल पहले उन्होंने पुणे में पॉल्स प्रो टेनिस अकादमी की स्थापना की। कोच के रूप में उन्होंने सिद्धांत बंथिया, अथर्व शर्मा और जूनियर विंबलडन के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले अर्णव पापरकर जैसे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया और अंतरराष्ट्रीय दौरों पर उनके मेंटर रहे। कोचिंग के साथ खेल जारी रखते हुए उन्होंने हालिया घरेलू सर्किट में चार डबल्स और दो सिंगल्स खिताब जीते, जिसके आधार पर उनका भारतीय टीम में चयन हुआ।


