फर्जी IPS बन पुलिस को दिया आदेश, NH-139 पर कराई वाहन चेकिंग; 2 गिरफ्तार

मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू के दो युवकों ने कथित तौर पर प्रशिक्षु IPS अधिकारी बनकर औरंगाबाद पुलिस को अपने प्रभाव में लिया। कथित मुख्य आरोपी ने थाने के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन कर खुद को प्रशिक्षु IPS बताया और छापेमारी के लिए पुलिस बल मांगा। इसके बाद पुलिस की गश्ती टीम उसके साथ गई और जसोइया मोड़ से पटना जाने वाली सड़क पर सीमेंट फैक्ट्री तक NH-139 पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान सब्जी कारोबारी समेत कई लोगों से पूछताछ हुई।


पुलिस टीम बाद में अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां एक टेंपो रोककर तीन यात्रियों से पूछताछ की गई। इनमें पलामू के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के आलोक कुमार और सुनील कुमार रवि भी थे। कथित IPS दोनों को स्कॉर्पियो में बैठाकर मदनपुर की ओर ले गया, जबकि अजय कुमार को छोड़ दिया गया। अजय ने दोनों के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उनके एक रिश्तेदार, जो झारखंड पुलिस में दारोगा हैं, ने कथित IPS से फोन पर बात की। पोल खुलने का अंदेशा होने पर आरोपियों ने दोनों युवकों को कामा बिगहा जीटी रोड के पास उतार दिया और स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। दोनों युवकों ने मोबाइल से बात नहीं करने देने के साथ डराने-धमकाने और मारपीट का भी आरोप लगाया है।
मामले की जानकारी मिलने पर एसपी ने सभी थानों को अलर्ट किया। एरका चेकपोस्ट पर पुलिस की चेकिंग देखकर आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने चालक मेदिनीनगर निवासी पिंटू कुमार को मौके से पकड़ा और बाद में चैनपुर थाना क्षेत्र के कुंदन कुमार को भी गिरफ्तार किया। स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई है। वाहन का मालिक पटना के रामकृष्णानगर, जकरियापुर निवासी संजय कुमार मिश्रा बताया गया है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए औरंगाबाद पुलिस झारखंड में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


