अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के दौरान पुलिस की छापेमारी, पिस्टल और दो गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के फुटबॉल मैदान के पास अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर यश दास नामक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान उसके चार साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।


जानकारी के अनुसार, बिरसानगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फुटबॉल मैदान के पास कुछ युवक अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को आते देख वहां मौजूद युवक भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने यश दास को पकड़ लिया, जबकि अन्य चार युवक भागने में सफल रहे। तलाशी लेने पर यश दास के पास से हथियार, गोलियां और मोबाइल बरामद हुए।
इस मामले में बिरसानगर थाना पुलिस ने साहिल लोहार, अंशु केवट, विशाल रविदास, रवि यादव और यश दास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें यश दास को गिरफ्तार किया गया है, जबकि साहिल लोहार, अंशु केवट, विशाल रविदास और रवि यादव फरार हैं।


