सोते समय दो सगी बहनों की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी भाई ने थाने में किया आत्मसमर्पण

धालभूमगढ़ : पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र की रावताड़ा पंचायत अंतर्गत बावैदा गांव में दो सगी बहनों की कुल्हाड़ी से हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्वरूप टुडू उर्फ चिंटू ने रविवार की देर रात सोते समय अपनी बड़ी बहनों दुलारी सोरेन (55) और लक्ष्मी मंडी (50) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी सोमवार की भोर में खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेने के साथ हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।


जानकारी के अनुसार, स्वरूप टुडू घर में अकेला रहता था और कई दिनों से बीमार था। बीमारी ठीक नहीं होने पर उसने रविवार की रात घाटशिला के चुनूडीह से एक ओझा को बुलाया था। इस दौरान उसकी दोनों बड़ी बहनें भी घर पहुंची थीं। लक्ष्मी मंडी के पति सुरजु मांडी ने बताया कि दोनों बहनें बीमार भाई के घर की साफ-सफाई कराने आई थीं। रविवार रात घर में पूजा भी रखी गई थी, जिसमें उन्हें बुलाया गया था, लेकिन वे शामिल नहीं हुए। लक्ष्मी मंडी बासाझोर और दुलारी सोरेन घाटशिला प्रखंड की आसना पंचायत के चढ़ईगोड़ा गांव की निवासी थीं।
सूचना मिलने पर धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और आगे की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे ओझा-गुनी से जुड़ा मामला होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। बताया गया कि परिवार में दो भाई और तीन बहनें थीं। आरोपी के बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि तीसरी बहन की शादी गांव में ही हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


