स्टंट राइडिंग पर पुलिस की कार्रवाई, पांच बुलेट समेत आठ बाइक जब्त, 38,500 रुपये जुर्माना

घाटशिला : दुर्गा पूजा के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए घाटशिला पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान स्टंट राइडिंग और मॉडिफाइड बाइक चलाने के मामले में पांच बुलेट समेत कुल आठ मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। पुलिस ने जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न हटवाए। सभी संबंधित वाहनों का चालान कर मालिकों से कुल 38,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 18 से 22 अक्तूबर तक चले इस अभियान का नेतृत्व घाटशिला थाना प्रभारी भूषण कुमार ने किया।


अभियान के दौरान नवाबकोठी सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस ने बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वालों को रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने ऐसे चालकों को माला पहनाकर हेलमेट लगाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया। पहली बार बिना हेलमेट पकड़े गए चालकों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। साथ ही दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर भारी चालान काटने की चेतावनी दी गई।
पुलिस के अनुसार, जब्त मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड बुलेट के अलावा आर-1 और पल्सर जैसी स्पोर्ट्स बाइक भी शामिल थीं। वाहन मालिकों को थाने बुलाकर मैकेनिक की सहायता से उनकी मोटरसाइकिलों में लगे अवैध साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न निकलवाए गए। इसके बाद सभी संबंधित वाहनों का विधिवत चालान किया गया। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न बेचने या उनकी सर्विस करने वाले मैकेनिकों को भी भविष्य में इस तरह का काम नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।


