मिड-डे मील के दौरान अर्धनिर्मित स्कूल भवन ढहा, 37 बच्चे बाल-बाल बचे

कोडरमा : चंदवारा प्रखंड की बेंदी पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय वीरगढ़ा में सोमवार को तेज बारिश के दौरान अर्धनिर्मित दो मंजिला भवन का ऊपरी हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के समय बच्चे मिड-डे मील खा रहे थे। मलबा गिरते ही विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन बच्चे समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।


बताया जाता है कि विद्यालय का दो मंजिला भवन करीब वर्ष 2010 में अधूरा बना था और उसका ऊपरी हिस्सा लंबे समय से अधूरा पड़ा था। विद्यालय में करीब 37 बच्चे नामांकित हैं और फिलहाल केवल एक शिक्षक पिंटू कुमार कार्यरत हैं। शिक्षक ने बताया कि भवन का हिस्सा गिरते ही बच्चों को सुरक्षित किया गया और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से अधूरा पड़ा भवन बारिश के दौरान बड़े हादसे का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय भवन की तत्काल जांच कराने और जर्जर तथा अर्धनिर्मित हिस्से को सुरक्षित कराने की मांग की है।


