प्याज ₹2 सस्ता, लेकिन लहसुन-अदरक ने बढ़ाई जेब पर मार



रांची : पंडरा थोक मंडी में प्याज की कीमत में ₹2 प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को बढ़िया प्याज ₹45-46 किलो बिका, जबकि मंगलवार को इसका भाव ₹46-48 था। मध्यम प्याज ₹42-44 और छोटा निम्न किस्म का प्याज ₹30-35 किलो रहा। अगस्त की शुरुआत में बढ़िया प्याज ₹25-30 किलो था। व्यापारी के अनुसार सरकार की ओर से बाजार में प्याज छोड़े जाने की सूचना के बाद भाव नरम हुए हैं। फिलहाल नासिक, अहमद नगर और इंदौर से रोज आठ से दस ट्रक प्याज आ रहा है, जबकि पहले 15 से 20 ट्रक आता था। खुदरा बाजार में प्याज ₹50-55 किलो बिक रहा है और अगले महीने आंध्र प्रदेश से नई फसल आने पर कीमत में कुछ और कमी की संभावना है।


वहीं लहसुन और अदरक महंगे हुए हैं। पंडरा मंडी में फूल लड्डु लहसुन ₹170-180, मीडियम ₹130-140 और छोटा ₹110-115 किलो बिक रहा है। जून के आखिरी सप्ताह तक इसका भाव ₹90-160 था। अदरक थोक में ₹140-150 किलो है, जबकि जून के आखिरी सप्ताह में यह ₹110-120 था। अदरक महाराष्ट्र और ओड़िशा से आ रहा है और सितंबर में स्थानीय नई फसल आने के बाद कीमत घटने की उम्मीद है। खुदरा में लहसुन और अदरक ₹40-50 पाव बिक रहे हैं। आलू के भाव स्थिर हैं—सादा आलू ₹7-8, लाल अल्टीमेटम ₹13-14 और लाल गोल आलू ₹10-11 किलो थोक में बिक रहा है।


