हाय रे बंदी! भाजपा की घोषित बंदी आदित्यपुर में रही बेअसर, ठेला तक नहीं हटा

आदित्यपुर। झारखंड बंद का भाजपा का आह्वान मंगलवार को आदित्यपुर में ऐसा बेअसर रहा कि सड़कों पर न तो बाजार बंद कराने वालों की भीड़ दिखी और न ही ठेले-खोमचे वालों को हटाने की कोई कवायद। शहर का माहौल सामान्य दिनों की तरह खुला रहा। आलम यह रहा कि बंद समर्थकों को छोड़िए, एक ठेला भी बंद होता नजर नहीं आया।


आरआईटी मंडल क्षेत्र में भाजपा के कुछ गिने-चुने कार्यकर्ता जरूर बंद कराने के लिए सड़क पर उतरे, लेकिन आदित्यपुर मंडल क्षेत्र में बंद का असर ढूंढने से भी नहीं मिला। सड़कें खुली रहीं, दुकानें खुली रहीं और आम जनजीवन भी पूरी तरह सामान्य रहा।
सबसे दिलचस्प नजारा भाजपा के स्थानीय दिग्गजों को लेकर रहा। प्रदेश नेतृत्व ने झारखंड बंद का आह्वान किया था, लेकिन आदित्यपुर में कई बड़े चेहरे सड़क पर नजर नहीं आए। कार्यकर्ताओं की संख्या भी इतनी सीमित रही कि बंद के बजाय ‘प्रतीकात्मक उपस्थिति’ जैसा नजारा देखने को मिला।
राजनीतिक गलियारों में दिनभर यह चर्चा भी होती रही कि प्रदेश अध्यक्ष ने बंद का आह्वान किया, लेकिन आदित्यपुर में शायद नेताओं ने उसे ‘घर से समर्थन’ देने का फैसला कर लिया। लिहाजा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान का यहां सड़कों पर कोई खास असर दिखाई नहीं दिया।
गौरतलब है कि रांची में सोमवार को जेपीएससी प्रदर्शन के दौरान विधानसभा मार्च कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया था। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सड़क पर उतरकर बंद को सफल बनाने की अपील की थी।
लेकिन आदित्यपुर का नजारा कुछ अलग ही कहानी बयां करता रहा। बंदी का ऐलान हुआ, कार्यकर्ता कुछ निकले भी, मगर शहर ने बंद को शायद ‘छुट्टी का आवेदन’ समझकर स्वीकार ही नहीं किया।


