NDPS एक्ट का फरार आरोपी गिरफ्तार, करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज



जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस ने NDPS एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 30 वर्षीय शिवाजी गोप उर्फ नायडू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी कपाली ओपी क्षेत्र के ताजनगर स्थित जेवियर स्कूल के समीप रहने वाला है। कपाली ओपी प्रभारी विनोदानंद कुमार के अनुसार, पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।


पुलिस के अनुसार, शिवाजी गोप उर्फ नायडू का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें NDPS एक्ट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। जमशेदपुर के मानगो और गोविंदपुर थाना के अलावा चांडिल थाना तथा कपाली ओपी क्षेत्र में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और पूर्व में दर्ज मामलों की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
कपाली ओपी पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसी के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हसनैन अंसारी, टाइगर मोबाइल के जवान और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


