रिम्स में बिना पास नहीं मिलेगी एंट्री, मरीजों से मिलने का समय भी तय

रांची : राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मरीजों के अटेंडेंट और विजिटर्स के प्रवेश को लेकर नए नियम जारी किए गए हैं। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने के लिए अब पास के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत गंभीर मरीजों के साथ अधिकतम दो अटेंडेंट और सामान्य मरीजों के साथ केवल एक अटेंडेंट को रहने की अनुमति होगी। रिम्स प्रबंधन के अनुसार, इससे वार्डों में भीड़ कम करने और मरीजों के इलाज में चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को सुविधा मिलेगी।

मरीजों से मिलने आने वाले विजिटर्स के लिए भी समय निर्धारित किया गया है। वे सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक और शाम 4 से 6 बजे तक पास के माध्यम से प्रवेश कर सकेंगे। प्रबंधन के मुताबिक, निर्धारित समय और प्रवेश नियमों का पालन करने से अस्पताल में अनुशासन बनाए रखने के साथ संक्रमण के जोखिम को कम करने में भी मदद मिलेगी।
नई व्यवस्था की निगरानी स्पेशल ऑक्जिलियरी पुलिस (सैप) के अधिकारी करेंगे। उनकी जिम्मेदारी प्रवेश व्यवस्था, पास की जांच और नियमों के पालन पर नजर रखना होगा। रिम्स प्रबंधन का कहना है कि इन कदमों से अस्पताल परिसर में व्यवस्था बेहतर बनाने और मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


