कंबल में लिपटी मिली नवजात बच्ची, RPF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

रांची : रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की गली में गुरुवार सुबह कंबल में लिपटी एक नवजात बच्ची लावारिस मिली। चाइल्डलाइन के पर्यवेक्षक से मोबाइल पर सूचना मिलने के बाद उप निरीक्षक हेमंत कुमार के नेतृत्व में ‘नन्हे फरिश्ते’ टीम मौके पर पहुंची। टीम में एलसीटी रीना यादव, एलसीटी जिनिद टोपनो, आरक्षी नमन सुरिन, उप निरीक्षक सुशील बाराइक और एलसी आशा टोपनो शामिल थीं। बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर RPF पोस्ट रांची लाया गया। वहां उसके माता-पिता या किसी अभिभावक का पता नहीं चला।


इस दौरान CWC कर्मचारी शंकर प्रजापति भी मौजूद रहे और घटना की सूचना एलपीएस, चुटिया को दी गई। बाल कल्याण समिति के सहयोग से बच्ची को इलाज और संरक्षण के लिए रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, मोराबादी में भर्ती कराया गया। फिलहाल वह चिकित्सकों और बाल कल्याण समिति की निगरानी में है। उसके परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है।


