ताना मारने से नाराज भतीजे पर 85 वर्षीय ताऊ की हत्या का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार


चांडिल : चौका के तुलग्राम में 85 वर्षीय आनंद सिंह सरदार की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनके भतीजे मधु सिंह सरदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। 17 सितंबर को आनंद सिंह सरदार का खून से लथपथ शव उनके घर में मिला था। शनिवार को एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि हत्या में इस्तेमाल खून से सनी करनी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

एसडीपीओ के अनुसार, आनंद सिंह सरदार की शादी नहीं हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। उनके चचेरे भतीजे दुर्गा सिंह सरदार उनकी देखभाल करते थे। दुर्गा सिंह सरदार ने अपनी साली से मधु सिंह सरदार की शादी कराई थी, लेकिन तीन साल पहले दुर्गा सिंह सरदार का सगा भाई छोटे सिंह सरदार मधु सिंह सरदार की पत्नी को लेकर चला गया था। पुलिस के अनुसार, इसके बाद से मधु सिंह सरदार तनाव में रह रहा था। इसी तनाव में उसने कुछ साल पहले दुर्गा सिंह सरदार के पिता की भी हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, पत्नी के चले जाने को लेकर आनंद सिंह सरदार मधु सिंह सरदार को बार-बार ताना मारते थे। इसी से नाराज होकर मधु सिंह सरदार ने कथित तौर पर करनी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। प्रेसवार्ता के दौरान चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार भी मौजूद थे।


